लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान के साथ ही जहां राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। वहीं आचार संहिता के मामलों में भी तेजी देखने को मिल रही है। आलम यह है कि अब हर दूसरे दिन राजनीतिक दल चुनाव आयोग पहुंच रहे हैं। बीजेपी के बाद अब कांग्रेस पार्टी भी चुनाव आयोग पहुंची, उन्होंने चुनाव आयोग से मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ शिकायत की है। कांग्रेस ने कहा है कि बीजेपी आचार संहिता का दुरुपयोग कर रही है।
चुनावी तारीखों की घोषणा के बाद अब देश में तू तू मैं मैं का सिलसिला जोर पकड़ने लगा है। महंगाई, नोटबंदी, जीएसटी और राफेल को लेकर घेरने वाली कांग्रेस ने अब प्रधानमंत्री मोदी के पेट्रोल पंप, एयरपोर्ट, बस अड्डे पर लगे पोस्टर पर ऐतराज जताया है। दरअसल चुनाव तारीखों की घोषणा के साथ ही देश में आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसा नियम है कि आचार संहिता लागू होने के बाद कोई भी दल अपने पोस्टर्स नहीं लगा सकता और यहां तक कि सरकार की उपलब्धि वाले पोस्टर भी ढक कर रखे जाते हैं। लेकिन दिल्ली समेत अन्य राज्यों में पीएम मोदी के पोस्टर अभी भी लगे हुए हैं जिसे लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ शिकायत की।
कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग के सामने तीन मुद्दे उठाए। पहले तो उन्होंने एमपी के पोस्टर्स को लेकर चुनाव आयोग को अवगत कराया। कांग्रेस ने कहा कि आज रात तक इसका भी खुलासा हो जाएगा कि पीएम के कितने पोस्टर और बैनर पेट्रोल पंप और हवाई अड्डा पर लगे है। साथ ही कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी के नेता और मंत्री राहुल गांधी को लेकर जो अश्लील बयान दे रहे हैं, उसे लेकर भी चुनाव आयोग से इसका संज्ञान लेने की अपील की गई है। आपको बता दें 2 दिन पहले बीजेपी भी चुनाव आयोग पहुंची थी, जहां पार्टी ने राहुल गांधी पर पीएम मोदी के खिलाफ मनगढ़ंत आरोप लगाने की बात कहते हुए कार्यवाही करने की बात कही थी।




No comments:
Post a Comment